VIT में अशांति: छात्रों का आरोप मेस में मिल रहा है घटिया खाना, VIT में 30 नवंबर तक अवकाश
सीहोर। सीहोर स्थित VIT इंस्टीट्यूट कैंपस में बुधवार की रात हड़कंप मच गया. हॉस्टल में खराब खाने और दूषित पानी की वजह से कई छात्रों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक तीन छात्रों की मौत की गंभीर सूचना भी मिल रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. छात्रों का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए कॉलेज प्रबंधन उन पर तरह-तरह का दबाव बना रहा है. शिकायत करने वाले छात्रों को धमकाया जा रहा है और विरोध करने वालों के साथ मारपीट तक की घटनाएं सामने आई हैं. इन आरोपों के चलते छात्रों में भारी रोष देखने को मिला।
देर रात तनावपूर्ण हुआ कैंपस का माहौल
कैंपस का माहौल देर रात बेहद तनावपूर्ण हो गया. आक्रोशित छात्रों ने हॉस्टल ब्लॉक और प्रशासनिक विंग के बाहर जमकर हंगामा किया. छात्रों ने परिसर के कुछ हिस्सों में आग भी लगा दी, जिसके चलते कैंपस में अफरा-तफरी मच गई. कॉलेज प्रशासन के रवैये और गंभीर आरोपों ने स्थिति को और अधिक विस्फोटक बना दिया है. इसी दौरान कैंपस में खड़ी एक बस में भी आग लगा दी गई. बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों की तबीयत काफी बिगड़ी है और उनमें पीलिया के लक्षण पाए गए हैं. छात्रों की संख्या लगभग दो दर्जन बताई जा रही है. यूनिवर्सिटी में हुए इस हंगामे के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
रात भर जारी रहा छात्रों का प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार इंदौर-भोपाल हाईवे पर कोठरी के पास स्थित VIT यूनिवर्सिटी में छात्रों का यह प्रदर्शन रात भर जारी रहा. छात्रों ने हंगामे के दौरान कॉलेज की बसों को निशाना बनाया और आगजनी की है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद ABVP के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे है. हालांकि इस गंभीर मामले पर रात में न तो VIT प्रबंधन और न ही प्रशासन ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया।
घटना के बाद जारी हुआ प्रेस नोट
घटना के बाद प्रेस नोट जारी हुआ है. इसमें लिखा है कि आज दिन में छात्रों के प्रतिनिधियों ने बताया कि लंबे समय से पानी और खाने की खराब गुणवत्ता की शिकायत की जा रही थी, लेकिन सुनवाई न होने के कारण उनका गुस्सा फूट पड़ा. छात्रों ने बताया कि गंदे पानी और घटिया खाने की वजह से उनकी तबीयत बार-बार बिगड़ रही है. घटना की जानकारी मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आष्टा, एसडीओपी आष्टा सहित आष्टा, जावर, पार्वती और कोतवाली थाने से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया. अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. वर्तमान में कॉलेज और हॉस्टल परिसर की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हंगामे के बाद 30 नवंबर तक अवकाश घोषित
हंगामे को देखते हुए VIT कॉलेज प्रबंधन ने 30 नवंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है. विस्तार न्यूज़ की टीम ने बस स्टैंड में जाकर छात्रों से बातचीत की, जहां उन्होंने बताया कि कई महीनों से समस्याएं बढ़ती जा रही थीं और बीती रात हालात बेकाबू हो गए।

राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत
मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
प्रधानमंत्री मोदी ने सीधी जिले में बने 1500 तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा नया आयाम : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक