25 क्विंटल फूलों से सजा बद्रीनाथ धाम, कपाट खुलते ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
चमोली: उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा ने आज पूर्णता प्राप्त कर ली है। गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ के बाद आज गुरुवार सुबह 6:15 बजे विधि-विधान के साथ बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। पुनर्वसु नक्षत्र और सर्वार्थ सिद्धि योग के शुभ संयोग में कपाट खुलते ही पूरा परिसर 'जय बद्री विशाल' के उद्घोष से गूंज उठा।
पुष्प वर्षा और बैंड की धुन के बीच स्वागत
कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंदिर में मौजूद रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा संपन्न की। इस अवसर पर सेना के बैंड की मधुर धुन और मंत्रोच्चार के बीच मंदिर को 25 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। द्वार पर फूलों से बनी मोर की आकृतियां और 'ॐ लक्ष्मीपति नमः' जैसे मंत्र श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।
कलश यात्रा और देव डोलियों का आगमन
इससे पूर्व बुधवार को पांडुकेश्वर के योग ध्यान बद्री मंदिर से उत्सव डोलियां और कलश यात्रा धाम पहुंची थीं। यात्रा मार्ग पर भक्तों ने जगह-जगह डोलियों का भव्य स्वागत किया। कुबेर जी और उद्धव जी के विग्रहों को निर्धारित स्थानों पर विश्राम कराकर रात्रि भोग लगाया गया।
अद्भुत है परंपरा
मान्यता है कि शीतकाल में जब कपाट बंद रहते हैं, तब यहाँ नारद जी देवताओं की ओर से पूजा करते हैं। अब ग्रीष्मकाल के लिए कपाट खुलने के साथ ही यहाँ मानव पूजा और दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया है। हजारों श्रद्धालुओं ने पहले दिन अखंड ज्योति और भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सीधी जिले में बने 1500 तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा नया आयाम : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक
एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निवाड़ी में विकास का नया अध्याय आरंभ हो रहा है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव