लगातार फोन कॉल्स और कथित प्रताड़ना से परेशान वृद्ध ने उठाया आत्मघाती कदम
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिला अंतर्गत कटंगी के कूडन मोहल्ला में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाले 58 वर्षीय शिव कुमार श्रीवास्तव ने एक महिला की मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग जांच और कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी महिला रेखा सक्सेना के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोप है कि महिला फोन पर मृतक को अपने परिवार को छोड़ने या फिर जान देने के लिए मजबूर कर रही थी।
परिवार को छोड़ने और मकान बेचने का बना रही थी दबाव
पुलिस जांच के अनुसार, कूडऩ मोहल्ला निवासी शिवकुमार श्रीवास्तव पिछले तीन वर्षों से मंडला जिले के बीजाडांडी की रहने वाली रेखा सक्सेना के संपर्क में थे। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। रेखा लगातार शिवकुमार पर दबाव बना रही थी कि वह अपने बेटे और बहू से सारे रिश्ते तोड़ लें, कटंगी का मकान बेच दें और उसके साथ भेड़ाघाट वाले घर में आकर रहें।
बेटी की शादी में हंगामा करने की दी थी धमकी
महिला की प्रताड़ना इस हद तक बढ़ चुकी थी कि उसने शिवकुमार को अपनी ही बेटी की शादी में शामिल न होने की धमकी दी थी। 21 अप्रैल को शिवकुमार की बेटी का विवाह था, जिस पर रेखा ने कहा था कि यदि वह शादी में गए, तो वह घर आकर हंगामा करेगी और उन्हें बदनाम कर देगी। इसके अलावा महिला लगातार फोन पर शिवकुमार को फांसी लगाकर मर जाने की बात कहती थी, जिससे तंग आकर उन्होंने 5 मई की रात करीब 11 बजे आत्मघाती कदम उठा लिया।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव, खिड़की से देखा तो खुली पोल
घटना का खुलासा अगले दिन 6 मई की सुबह हुआ। मृतक के बेटे शिवम श्रीवास्तव ने जब देखा कि उसके पिता काफी देर से कमरे से बाहर नहीं निकले हैं, तो वह उनके कमरे की तरफ गया। बाहर का दरवाजा बंद था और दूसरा दरवाजा अंदर से लॉक था। जब शिवम ने खिड़की से झांककर देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई; पिता शिवकुमार पंखे के हुक से रस्सी के फंदे पर लटके हुए थे। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया।
कॉल रिकॉर्डिंग ने खोला राज, पुलिस ने दर्ज किया केस
जांच के दौरान बेटे शिवम ने पुलिस को दो मोबाइल फोन सौंपे, जिनमें मृतक और रेखा सक्सेना के बीच हुई बातचीत के आडियो रिकॉर्ड थे। इन कॉल रिकॉर्डिंग्स से साफ हुआ कि आरोपी महिला शिवकुमार को लगातार गाली-गलौज कर रही थी, धमका रही थी और उन्हें सुसाइड के लिए उकसा रही थी। इन पुख्ता सबूतों के आधार पर कटंगी पुलिस ने आरोपी रेखा सक्सेना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

दिल्ली के CP में शाम 6:30 बजे तक सब कुछ बंद, अचानक आदेश के पीछे क्या है वजह?
AI के दौर में ब्रश से बगावत, जंतर-मंतर पर छात्रों की रचनात्मक मुहिम चर्चा में
फास्ट-ट्रैक कोर्ट से मिलेगा जल्द न्याय, अमित शाह ने PM मोदी के फैसले को बताया अहम
जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले अय्यर का बड़ा बयान, बेखौफ क्रिकेट खेलने की सलाह
भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले जिम्बाब्वे का बड़ा फैसला, टीम में हुआ फेरबदल
ग्वालियर में खुलेगा उद्योगों का नया रास्ता, टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन से बढ़ेंगे रोजगार
62% तक रिटर्न की उम्मीद, मोतीलाल ओसवाल ने इन 5 शेयरों को बताया खरीदारी लायक
नितिन नवीन बोले- NEET मामले में सरकार पूरी तरह जवाबदेह, हर सवाल का देंगे उत्तर
शताब्दीपुरम में प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध, प्रदर्शन के बीच तैनात किया गया भारी पुलिस बल
CJP प्रोटेस्ट विवाद: छात्रों को डराने वाले पुलिसकर्मी पर एक्शन, सस्पेंशन का आदेश