15 मुकदमों का आरोपी सलमान गद्दी दबोचा, हथियार के साथ पांच बदमाश गिरफ्तार
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के कानोता थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी, हिस्ट्रीशीटर और इनामी अपराधी सलमान खान उर्फ सलमान गद्दी समेत पांच बदमाशों को दबोच लिया है। मुख्य आरोपी सलमान के पास से एक देसी कट्टा मिला है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों से लाठी-डंडे जब्त किए गए हैं। इन सभी के खिलाफ कानोता थाने में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज है।
पुरानी रंजिश और धमकी के बाद घर में घुसकर किया था हमला
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने 11 जून को कानोता थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पहले 8 जून को पीड़ित और उसके भाई को रास्ते में रोककर धमकी दी थी। इसके बाद, 10 जून की रात करीब 8 बजे सलमान गद्दी, शाहरुख, सोहेल, रफीक और आसिफ समेत 15 से 20 लोग लाठी, डंडे, लोहे के सरिए और पिस्टल लेकर पीड़ित के घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जाल में फंसे आरोपी
वारदात के बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही पुलिस के मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। इसी कड़ी में पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी सलमान गद्दी को गिरफ्तार किया, जिसके पास से तलाशी के दौरान एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने इस मामले में रफीक खान, शाहरुख खान, नासिर खान और धनराज बैरवा उर्फ छोटू को भी गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि पुलिस इस मामले में सोहेल खान और आसिफ खान को पहले ही जेल भेज चुकी है।
मुख्य आरोपी सलमान पर दर्ज हैं 15 से ज्यादा संगीन मामले
कानोता थाना प्रभारी मुनीन्द्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया मुख्य आरोपी सलमान गद्दी बेहद शातिर अपराधी है। वह गंगापुर सिटी के उदेई मोड़ थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है और उस पर पुलिस ने इनाम भी रखा हुआ था। सलमान के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में करीब 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह गंगापुर सिटी के एक अन्य बड़े मामले में भी काफी समय से फरार चल रहा था।
बाकी फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
पुलिस प्रशासन का कहना है कि पकड़े गए सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है, ताकि इनसे वारदात में शामिल अन्य हथियारों और साथियों के बारे में पूछताछ की जा सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही वे सभी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

ICU ब्लॉग के बाद उठे सवालों पर अमिताभ बच्चन का जवाब, बोले- मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं
3 अगस्त से शुरू होगा विधानमंडल का मानसून सत्र, संभल हिंसा रिपोर्ट पर रहेगी नजर
वाराणसी-मुंबई सुपरफास्ट एक्सप्रेस के सामने रची गई साजिश, इमरजेंसी ब्रेक से बचा हादसा
गुजरात में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का कहर, 10 लोगों की मौत, कई घायल
अफगानिस्तान क्रिकेट में नई शुरुआत, शाहिदी के कप्तानी छोड़ने के बाद बदलेगी रणनीति
छात्र आंदोलन पर सियासत तेज, शिक्षा मंत्री ने राहुल गांधी को घेरा
निशातपुरा स्टेशन का सपना हुआ साकार, तीन ट्रेनों के संचालन से होगी शुरुआत
NEET पेपर लीक पर सरकार का रुख स्पष्ट, संसद में चर्चा को तैयार; पीएम मोदी का बड़ा बयान
गुरफतेह ने छात्र आंदोलन के समर्थन में उठाई आवाज, बोले- फिल्मों से ज्यादा इस मुद्दे पर बात हो