मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलने वाला गिरोह सक्रिय, बुजुर्ग से 1.28 लाख की ठगी
फरीदाबाद। सराय ख्वाजा क्षेत्र में एक शातिर जालसाज ने एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे एक बुजुर्ग को अपनी ठगी का शिकार बना लिया। शातिर ने झांसा देकर बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदल लिया और उसके बाद उनके खाते से 1,28,438 रुपये पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में अशोका मेन (सराय) के निवासी राजेन्द्र प्रसाद जोशी ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को अशोका मेन मार्केट में स्थित एक बैंक के एटीएम बूथ से रुपये निकालने गए थे।
मदद के बहाने अंदर घुसा शातिर ठग
पीड़ित के अनुसार, जब वह मशीन से ट्रांजैक्शन करने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक अज्ञात युवक उनके पीछे एटीएम के अंदर दाखिल हुआ। उसने बेहद शालीनता से मशीन चलाने में मदद करने की पेशकश की। बुजुर्ग उसकी बातों में आ गए, जिसके बाद युवक ने उनका एटीएम कार्ड मशीन में डाला और पिन दर्ज करने को कहा। पिन दर्ज करते ही मशीन से 10 हजार रुपये निकल आए। इसके बाद आरोपी ने चालाकी से कार्ड बदलते हुए दूसरा कार्ड बुजुर्ग को वापस सौंप दिया और वहां से रफूचक्कर हो गया।
घर पहुंचते ही मोबाइल पर आने लगे पैसों के कटने के मैसेज
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह पैसे लेकर घर पहुंचे, तो थोड़ी ही देर बाद उनके मोबाइल पर लगातार खाते से पैसे कटने के अलर्ट मैसेज आने लगे। एक के बाद एक आते मैसेज देखकर वह हैरान रह गए। शक होने पर जब उन्होंने अपनी जेब से एटीएम कार्ड निकालकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। शातिर ठग ने उन्हें किसी दूसरे व्यक्ति का कार्ड थमा दिया था और उनका असली कार्ड लेकर फरार हो चुका था।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर बृहस्पतिवार को ही संबंधित थाने में धोखाधड़ी की धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस एटीएम बूथ और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी युवक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे एटीएम के अंदर किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और अपना पिन पूरी तरह गोपनीय रखें।

हापुड़ में 6 साल की बच्ची से कथित दुष्कर्म प्रयास, पुलिस ने दर्ज किया केस
शिक्षा पर कितना निवेश, कितना बदलाव? मोदी सरकार के 12 साल का डेटा आया सामने
झाबुआ रेल विवाद: 6 घंटे इंतजार के बाद यात्रियों ने रोका ट्रैक, बोले- लोकल को दी जा रही प्राथमिकता
अंकित शर्मा हत्याकांड: ताहिर हुसैन की सजा पर अब अगली तारीख, कोर्ट में क्यों टला फैसला?
'युवा सीधे संवाद चाहते हैं', विक्रमादित्य सिंह ने PM मोदी को दिया सुझाव
₹35 हजार का जुर्माना और 1000 लोगों को भोज, छत्तीसगढ़ से सामने आया चौंकाने वाला मामला
आलिया भट्ट, माधवन समेत कई सेलेब्स आए छात्रों के समर्थन में, सोशल मीडिया पर रखी राय
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की तारीख तय, 9 जून से इस ऐतिहासिक मैदान पर होगा मुकाबला
यूथ टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया का जलवा, श्रीलंका पर 211 रन की ऐतिहासिक जीत