राजस्थान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करणी सेना नेता की हत्या का आरोपी खाटूश्यामजी से गिरफ्तार
सीकर। झारखंड के जमशेदपुर में हुए करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी और बार संचालक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात के बाद से फरार चल रहा आरोपी अपने बेटे के साथ खाटूश्यामजी में बाबा के दर्शन करने आया हुआ था, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
खाटूश्यामजी में दर्शन के बाद रेस्टोरेंट से हुई गिरफ्तारी
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी नीरज सिंह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह सीकर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी पहुंचा। बाबा श्याम के दर्शन करने के बाद वह मंडा रोड पर स्थित एक होटल के रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। इसी दौरान झारखंड पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर खाटूश्यामजी थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल बनवारी और कांस्टेबल राजेंद्र गढ़वाल ने मुस्तैदी दिखाते हुए रेस्टोरेंट में दबिश दी और आरोपी को दबोच लिया।
छेड़खानी का विरोध करने पर हुई थी निर्मम हत्या
यह पूरी वारदात बीती 27 जून को जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में स्थित 'डबल डाउन बार' के बाहर हुई थी। देर रात बार के अंदर कुछ युवक वहां मौजूद युवतियों के साथ बदसलूकी और छेड़खानी कर रहे थे। मौके पर मौजूद करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्यूष ने जब इसका विरोध किया और बीच-बचाव किया, तो आरोपी नाराज हो गए। इसके बाद जब हिमांशु बार से बाहर निकला, तो 8 से 10 बदमाशों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में भी हमलावरों ने घायल पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
गिरफ्तारी से बचने के लिए फ्लाइट से भागा था राजस्थान
सनसनीखेज हत्याकांड के बाद जमशेदपुर पुलिस ने बार मालिक नीरज सिंह सहित 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। खुद को घिरता देख आरोपी नीरज सिंह जमशेदपुर से भागकर पहले कोलकाता पहुंचा और वहां से फ्लाइट पकड़कर राजस्थान आ गया। हालांकि, झारखंड पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) लगातार उसका पीछा कर रही थी।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर ले जाएगी पुलिस
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में पुलिस अब तक बार संचालक नीरज सिंह सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सीकर में हुई इस गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस ने झारखंड पुलिस को सूचित कर दिया है। कानूनी और कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद राजस्थान पुलिस आरोपी नीरज सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड पुलिस के सुपुर्द करेगी।

राशिफल 23 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कृषि, पशुपालन और उद्यम से जुड़ी धरमजयगढ़ की महिलाएं अब स्थानीय बीजों और अनाजों से बना रहीं राखियां
विष्णुभोग चावल बना जीपीएम जिले का गौरव
रेल यात्रियों और मासूम बच्चों की सुरक्षा के प्रति जीआरपी की संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को प्रदेशभर में मिल रहा जनसमर्थन
अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विकास निगम की बड़ी कार्रवाई
मल्हार में खुली छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की नई शाखा
विश्व कप के रण में मध्यप्रदेश का गौरव: हॉकी इंडिया की विश्व कप टीम में हॉकी अकादमी के एसोसिएट खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद का चयन
मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई
स्वस्थ पशुधन, समृद्ध किसान: मुंगेली में 582 शिविरों से बदली पशुपालन की तस्वीर