ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर लगाम की तैयारी, बढ़े हुए शुल्क पर सरकार करेगी जांच
व्यापार: ई-कॉमर्स कंपनियों के कैश-ऑन-डिलीवरी (सीओडी) पर अतिरिक्त शुल्क वसूलने की शिकायतों पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने शिकायतों पर ई-काॅमर्स कंपनियों के खिलाफ जांच शुरू की है। आरोप है कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म कैश-ऑन-डिलीवरी के लिए ग्राहकों से अतिरिक्त चार्ज वसूलते हैं। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मंत्रालय ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा, उपभोक्ता मामलों के विभाग को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ शिकायतें मिली हैं, जो कैश-ऑन-डिलीवरी के लिए अतिरिक्त शुल्क ले रहे हैं। इस प्रथा को डार्क पैटर्न के रूप में वर्गीकृत किया गया है, जो उपभोक्ताओं को गुमराह करता है और उनका शोषण करता है। उन्होंने कहा, भारत के बढ़ते ई-कॉमर्स क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और निष्पक्ष प्रथाओं को बनाए रखने के लिए उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
OPEC देश नवंबर से बढ़ाएंगे तेल उत्पादन
ऑर्गनाइजेशन ऑफ पेट्रोलियम एक्सपोर्टिंग कंट्रीज (OPEC) में शामिल देशों ने उत्पादन बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस समूह ने वैश्विक आर्थिक स्थिरता और बाजार की अच्छी स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि नवंबर में 1,37,000 बैरल प्रतिदिन अधिक तेल उत्पादन होगा। इतनी ही मामूली वृद्धि अक्तूबर में भी तय की गई थी। बता दें कि OPEC देशों का यह समूह 2023 और 2024 में कटौती के बाद 2025 में धीरे-धीरे उत्पादन बढ़ा रहा है। सऊदी अरब और रूस इस 22 देशों के गठबंधन में प्रमुख भूमिका निभाते हैं। बैठक में इराक, यूएई, कुवैत, कजाखस्तान, अल्जीरिया और ओमान भी शामिल थे। समूह ने कहा कि बाजार की स्थिति के अनुसार यह निर्णय रोका या पलटा भी जा सकता है। अगली बैठक 2 नवंबर को होगी।
रूस समेत सीआईएस देशों को कपड़ा निर्यात बढ़ाएगा भारत
भारत, रूस व अन्य सीआईएस देशों को कपड़ा निर्यात बढ़ाने की संभावना पर सक्रियता से विचार कर रहा है। कॉमनवेल्थ ऑफ इंडिपेंडेंट स्टेट्स (सीआईएस) यूरेशिया में एक क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है। कपड़ा एवं विदेश राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने इसी हफ्ते रूस की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान रूसी कपड़ा उद्योग के साथ जुड़ाव को गहरा करने की भारत की मंशा पर जोर दिया।
बीएसएनएल के टावर 6-8 महीने में होंगे 5जी में अपग्रेड : सिंधिया
केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को एलान किया कि बीएसएनएल का स्वदेशी 4जी नेटवर्क अगले छह से आठ महीने में 5जी में अपग्रेड हो जाएगा। कौटिल्य इकोनॉमिक एन्क्लेव 2025 कार्यक्रम में बोलते हुए सिंधिया ने कहा कि भारत 4जी टेक्नोलॉजी क्लब में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 92,564 टावरों का उद्घाटन किया, जो कश्मीर से कन्याकुमारी और भरूच से अरुणाचल प्रदेश तक पूरे देश को जोड़ते हैं। सिंधिया ने कहा कि भारत वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ के साथ वैश्विक दक्षिण का आधार स्तंभ बन गया है।

बिहान से बदल रहा ग्रामीण परिवेश, पुष्पा बनी लखपति दीदी
कोटा परिक्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त में सागौन के लट्ठा जब्त
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मछुआ सहकारी समिति के सदस्यों को मिला आजीविका का सहारा
बड़वानी में आधुनिक सब्जी मंडी से मजबूत होगी कृषि अर्थव्यवस्था : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
शासकीय सेवकों को मिलेगा 3 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
ईडन गार्डन कॉलोनी में प्रबंधन को लेकर बढ़ा विवाद, अधिकृत प्रकोष्ठ को प्रभार न मिलने से विकास कार्य ठप
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व विधायक राव राजकुमार यादव के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और कैबिनेट मंत्रियों ने निमाड़-मालवा के लोक देवता भीलट देव से सभी की समृद्धि के लिए की कामना
पहली कृषि कैबिनेट में कृषि विकास और सिंचाई योजनाओं के लिए 27 हजार 500 करोड़ रूपये की स्वीकृति